– विदर्भ में गर्मी का ‘टॉर्चर’ शुरू
नागपुर :- मार्च महीने की शुरुआत होते ही सूरज ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। विदर्भ के जिलों में तापमान में अचानक हुई बढ़ोतरी ने गर्मी का अहसास तेज कर दिया है। बुधवार को अकोला 39.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा। वहीं नागपुर का तापमान 37.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.8 डिर्गी सेल्सियस ज्यादा रहा।
मार्च का महीना शुरू हुए अभी जुम्मा-जुम्मा चार दिन भी नहीं बीते हैं कि सूरज ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। विदर्भ के आसमान से अब मानो आग बरस रही है। पिछले 24 घंटों के भीतर पारा जिस रफ़्तार से उछला है, उसने आने वाली भीषण गर्मी की दस्तक दे दी है।
अकोला से लेकर नागपुर और यवतमाल तक, हर शहर तपिश की चपेट में है। पिछले 24 घंटों में तापमान में आए जबरदस्त उछाल ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, विदर्भ के कई शहरों में पारा सामान्य से 4 डिग्री तक ऊपर चला गया है। दिन की तपिश के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। चंद्रपुर में न्यूनतम तापमान 20.5°C दर्ज किया गया, जो रात के समय भी बेचैनी बढ़ा रहा है। हालांकि, 16.4°C के साथ नागपुर की रात पूरे विदर्भ में सबसे ठंडी रही। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिनों में पारा 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर सकता है।




