– 5 न्यायाधीशों के बंगलों में सेंध से हड़कंप
– कांता नगर के ‘सुरक्षित’ परिसर में चोरों का कारनामा
– अवकाश का उठाया फायदा ,1.25 लाख की चोरी का अंदेशा
अमरावती :- शहर के सर्वाधिक सुरक्षित माने जाने वाले कांता नगर स्थित सरकारी न्यायाधीश निवास परिसर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोरों ने 5 न्यायाधीशों के बंगलों और 4 न्यायालयीन कर्मचारियों के आवासों में सेंध लगाई। इनमें से 7 घरों से करीब 1 लाख 25 हजार रुपए मूल्य का माल चोरी होने का प्रारंभिक अनुमान है, जबकि दो घरों में चोरी का प्रयास किया गया। रविवार तड़के लगभग 4 बजे घटना का खुलासा होते ही शहर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। खास बात यह रही कि जिन बंगलों के सामने पुलिस जवान तैनात थे, उन्हीं घरों के पीछे नाले की दिशा से दीवार फांदकर चोर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
अवकाश का उठाया फायदा, पहले की रेकी : जानकारी के अनुसार शनिवार और रविवार अवकाश होने के कारण अधिकांश न्यायाधीश और कर्मचारी परिवार सहित बाहर गए हुए थे। चोरों ने पहले परिसर की रेकी की और जिन घरों में ताले लगे थे, उन्हें ही निशाना बनाया। जिन घरों में परिवार मौजूद था, वहां बाहर से कुंडी लगाकर अंदर के लोगों को बंद जैसा कर दिया गया, ताकि किसी को भनक न लगे। चोरों ने नल दमयंती क्वार्टर के तीन बंगलों, पैनगंगा बिल्डिंग के दो बंगलों और शहानूर इमारत में चार कर्मचारियों के घरों में सेंधमारी की। बेडरूम की अलमारियां तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ किया गया। पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीः घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त राकेश ओला, उपायुक्त गणेश शिंदे, गाडगेनगर के सहायक पुलिस आयुक्त कैलाश पुंडकर सहित फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे।
न्यायालयीन कर्मचारी आशीष गेडाम ने बताया कि वे अकोला में कार्यक्रम में गए थे। सुबह सूचना मिलते ही वे ट्रेन से अमरावती लौटे। उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हुई है। इसी के साथ उनके पड़ोसी एकवीरा जंजाल का भी घर चोरों ने फोड़ा। गाडगेनगर थाने में हेड कॉन्स्टेबल अनवर अली एजाज अली बेग की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एपीआई वसावे ने बताया कि अब तक करीब 1.25 लाख रुपए के चोरी का आकलन हुआ है। अन्य परिवारों के लौटने के बाद ही वास्तविक नुकसान स्पष्ट हो सकेगा। वीआईपी माने जानेवाले इस परिसर में चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।




