– महिला मोर्चा महामंत्री पर कार्रवाई, राजनीतिक हलकों में हलचल
चंद्रपुर :- शहर में सामने आए नवजात शिशुओं की कथित बिक्री मामले में रामनगर पुलिस ने भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री सायली येरणे और भाग्यश्री हांडे को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
दो की बिक्री, तीसरे को बेचने की साजिश
रामनगर पुलिस के अनुसार, मई 2026 में चंद्रपुर शहर में दो नवजात शिशुओं की कथित रूप से पैसों के बदले बिक्री किए जाने का मामला सामने आया था। जांच में आरोप है कि एक महिला ने आर्थिक लाभ के लिए अपने दो नवजात बच्चों को बेच दिया। साथ ही, उसकी नाबालिग बेटी द्वारा जन्मे नवजात शिशु को भी बेचने की साजिश रची गई थी। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से यह प्रयास विफल हो गया और पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
मानव तस्करी और पॉक्सो समेत गंभीर धाराएं
इस मामले में इससे पहले नवजात शिशुओं की मां, बच्चों को खरीदने वाली दो महिलाओं तथा कथित मुख्य आरोपी अजय फुलझेले को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी से संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो अधिनियम के तहत भी गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं।
पहले गवाह, अब बनीं आरोपी:
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री सायली येरणे और भाग्यश्री हांडे की कथित संलिप्तता सामने आई। शुरुआत में दोनों इस मामले में गवाह के रूप में सामने आई थीं, लेकिन जांच में उनकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। बाद में अदालत में पेश किए जाने पर न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।




