– DRUCC की बैठक में सदस्यों ने उठाए अहम मुद्दे
नागपुर :- मध्य रेल नागपुर मंडल की मंडलीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की 168वीं बैठक में यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और ग्राहक सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं में सुधार के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव मंडल प्रशासन के समक्ष रखे। प्रशासन ने सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक की शुरुआत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन मित्तल के प्रास्ताविक संबोधन से हुई। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक विनायक गर्ग ने नागपुर मंडल की उपलब्धियों और विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नागपुर मंडल देश के पूर्व-पश्चिम तथा उत्तर-दक्षिण हिस्सों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रेल मंडल है। यात्री परिवहन के साथ-साथ माल परिवहन में भी मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका है। विनायक गर्ग ने बताया कि राजस्व, परिचालन दक्षता और समय पालन के क्षेत्र में मंडल ने उल्लेखनीय प्रगति की है। यात्रियों की सुविधा, आधारभूत ढांचे के विकास और रेल सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने समिति सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक सुझावों पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में सुनील हरिप्रसाद जेजानी, गणेश रामदास सैंदाणे, सुरेश रामदास पंत डोंगे, नितिन मधुकरराव तिनखेडे, हेमंत शांताराम बरडे, सतीश मोहनलाल यादव और नितिन पुरुषोत्तमराव लोणकर सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अमोल कुमार पिंगले, अरुण कुमार सिंह और सुधीर कुमार पटेल सहित नागपुर मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में सदस्यों ने यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दे उठाते हुए सुधार के लिए सुझाव दिए।





