– आरोपी दलाल एमडी के साथ गिरफ्तार, पीड़ित युवती को कराया मुक्त
नागपुर :- अजनी थाना क्षेत्र के हनुमाननगर परिसर में देहव्यापार के अड्डे पर सामाजिक सुरक्षा विभाग और अनैतिक मानव तस्करी विरोधी पथक ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित युवती को मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में चंद्रमणिनगर, अजनी निवासी दलाल मंथन गोपाल थोटे (23) को 3.610 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया है।
सामाजिक सुरक्षा विभाग के पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटिल को हनुमाननगर क्षेत्र में देहव्यापार का अड्डा संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर बुधवार शाम करीब 6.15 बजे टीम ने जाल बिछाकर मंथन थोटे को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एमडी बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 23 वर्षीय युवती को भी मुक्त कराया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने आर्थिक प्रलोभन देकर युवती को देहव्यापार में धकेला था। पूछताछ में मंथन ने एमडी अपने साथी दुर्गानगर, नागपुर निवासी कुणाल यशवंत येलेकर से लाने की जानकारी दी। मामले में दोनों के खिलाफ अजनी थाने में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1,500 रुपये नकद, 60 हजार रुपये की मोपेड और 21 हजार रुपये के दो मोबाइल सहित कुल 1 लाख 18 हजार 600 रुपये का माल जब्त किया है। फरार आरोपी कुणाल येलेकर की तलाश जारी है।





