– पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने किया पासिंग आउट परेड का निरीक्षण
नागपुर :- वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के इंदौरा स्थित सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्र में सोमवार को दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नागपुर शहर के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सुबह करीब 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त नांगरे पाटिल ने पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया और प्रशिक्षणार्थियों की ओर से दी गई मानवंदना स्वीकार की।
डब्ल्यूसीएल की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों से आए अधिकारियों एवं विभागीय सुरक्षा कर्मचारियों ने प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षणार्थियों के उच्च स्तर के अनुशासन और व्यावसायिक कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक सुरक्षा देश की आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार स्तंभ है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ करने का आह्वान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को पुलिस आयुक्त के हाथों पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्र में स्थापित स्मार्ट एवं आधुनिक हथियार प्रशिक्षण तथा फायरिंग सिमुलेशन सुविधा का भी अवलोकन किया।





