– क्लिक पर किस्मत चमकाने का खेल
नागपुर :- शहर में तेजी से फैल रहे ऑनलाइन लॉटरी और सट्टेबाजी के नेटवर्क पर क्राइम ब्रांच ने एक और बड़ा प्रहार किया है। शांतिनगर थाना क्षेत्र के लालगंज स्थित झाडे चौक में चल रहे एक अवैध ऑनलाइन लॉटरी-सट्टा केंद्र पर छापा मारकर पुलिस ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच यूनिट-3 को गुप्त सूचना मिली थी कि झाडे चौक इलाके में लोगों से नकद रकम लेकर ऑनलाइन लॉटरी और सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। मौके पर मौजूद दीपक आनंदराव पराते (32), निवासी कांबळकर मोहल्ला, को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी कंप्यूटर और गेमिंग मशीनों की मदद से लोगों को लॉटरी के नाम पर दांव लगाने के लिए प्रेरित करता था। मौके से पुलिस ने 2 कंप्यूटर, 4 गेमिंग मशीनें, 2 स्लिप मशीनें, सट्टा पर्चियां, कीबोर्ड, कैलकुलेटर और अन्य उपकरण बरामद किए। जब्त किए गए पूरे मुद्देमाल की कीमत 2 लाख 1 हजार 920 रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में एक और नाम सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार, बाबा भाई (लगभग 45 वर्ष), निवासी यादवनगर भी इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है। फिलहाल वह फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
इस मामले में शांतिनगर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 120/2026 के तहत महाराष्ट्र जुगार प्रतिबंध अधिनियम की धारा 4 और 5 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने आरोपी और जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए शांतिनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन लॉटरी, जुआ और सट्टेबाजी के जरिए युवाओं और आम नागरिकों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है। शहर में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।







