– अपहरण का रचा नाटक, दर्ज कराई शिकायत
गोंदिया :- रावणवाड़ी थानांतर्गत डांगोर्ली गांव में 20 दिन के नवजात का अपहरण कर उसकी हत्या करने की वारदात का अपराध शाखा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया. जिस बच्चे के अपहरण की शिकायत मां ने दर्ज कराई थी, उसी मां ने अपने बच्चे की बेरहमी से जान ले ली. 18 नवंबर को रिया राजेंद्र फाये (22) ने रावणवाड़ी थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 17 नवंबर की रात किसी ने उसके घर से 20 दिन के बेटे विराज का अपहरण कर लिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की. वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे व उपविभागीय पुलिस अधिकारी रोहिणी बानकर मौके पर पहुंचे. अपराध शाखा पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेरकर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
तफ्तीश के दौरान गोपनीय जानकारी, तकनीकी विश्लेषण व लोगों से पूछताछ में पुलिस को संदेह हुआ कि घटना में मां की भूमिका संदिग्ध है. गहन पूछताछ में रिया फाये ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि उसे बच्चा नहीं चाहिए था. वह नौकरी करना चाहती थी लेकिन पति ने गर्भपात की अनुमति नहीं दी. इसलिए उसने पहले से ही बच्चे को अपने मार्ग से हटाने की योजना बनाई थी.
नदी से बच्चे का शव बरामद
उसने बताया कि 17 नवंबर की रात जब घर के सभी लोग सो गए तब वह बच्चे को लेकर वैनगंगा नदी के पुल पर गई और उसे वहीं से नदी में फेंक दिया. पुलिस व स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी से बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच रावणवाड़ी पुलिस कर रही है.




