– तीन नाबालिग समेत चार गिरफ्तार,72 घंटे में ब्लाइंड रेप-मर्डर केस का खुलासा
नई दिल्ली :- स्वरूप नगर थाना पुलिस ने किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले का 72 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक वयस्क आरोपी शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचु समेत तीन नाबालिगों को पकड़ा है। तीनों नाबालिगों की उम्र 16 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है। मृतका भी नाबालिग थी।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर इलाके के एक खुले मैदान में किशोरी का शव मिला था। शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी। क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वारदात के आसपास एक संदिग्ध टेंपो की आवाजाही दिखाई दी। अंधेरा होने के कारण शुरुआत में उसका नंबर स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने अलग-अलग कैमरों की फुटेज को जोड़कर टेंपो के रूट का पता लगाया और उसकी पहचान की।

पुलिस के मुताबिक, 15-16 सितंबर की रात खड्डा कॉलोनी में संदिग्ध टेंपो मिला। उसके चालक से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने डीएल-1/एलएजी-0257 नंबर का टेंपो, वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और आरोपियों के कथित तौर पर वारदात के समय पहने कपड़े बरामद किए हैं। मामले में फॉरेंसिक और तकनीकी सबूतों की जांच जारी है।
परिचित से मिलने गई थी किशोरी
पुलिस जांच के अनुसार, किशोरी घटना वाले दिन अपने 17 वर्षीय परिचित से मिलने गई थी। पुलिस का आरोप है कि वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में आरोपी ने अपने साथियों को बुला लिया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद किशोरी की हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर ले जाकर छिपाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने बताया कि शव पर चोट के निशान मिले हैं। आरोपियों की भूमिका और वारदात की पूरी कड़ी की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं थी।





