– ताजबाग में सूफी कव्वाली नाइट का सफल आयोजन
नागपुर :- बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह के १०४वें सालाना उर्स पर सूफियाना संगीत ने शमा बांधा. हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित ‘सूफी कव्वाली नाइट’ में सुरों का ऐसा जादू बिखरा कि हर कोई भक्ति और रूहानियत के सागर में सराबोर हो गया. कार्यक्रम में मशहूर बॉलीवुड सिंगर सलमान अली ने अपनी लाइव परफॉर्मेंस से समां बांध दिया. उन्होंने एक से बढ़कर एक सूफियाना कलाम और कव्वालियां पेश कर वहां मौजूद हजारों अकीदतमंदों और संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया. देर रात तक चले इस शानदार आयोजन में जैसे ही सलमान अली ने अपनी ऊंची तान और रूहानी अंदाज में कव्वाली की तान छेड़ी, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और “सुभान अल्लाह” की सदाओं से गूंज उठा, जिसने इस सूफी नाइट को हमेशा के लिए यादगार बना दिया. इस अवसर पर प्रमुख रूप से हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे जिया खान, सचिव ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र जिचकार, ट्रस्टी हाजी फ़ारूक बावला, हाजी इमरान खान, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया, मुस्तफा टोपीवाला उपस्थित थे.
रईस अनीस साबरी की कव्वाली पर झूमे श्रद्धालु
बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स के अवसर पर प्रख्यात सूफी कव्वाल रईस अनीस साबरी की सूफियाना कव्वाली का कार्यक्रम आयोजित हुआ. इसमें श्रध्दालु झूम उठे. रईस अनीस साबरी ने बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह की शान में सूफी गीतों पर एक से बढ़कर एक कव्वाली पेश की








