– सीट के नीचे से 7.23 ग्राम एमडी बरामद
नागपुर :- गणेशपेठ पुलिस ने गश्त के दौरान कार में सवार एक ड्रग्स विक्रेता को गिरफ्तार किया. उसके साथी की तलाश जारी थी. पकड़ा गया आरोपी मिनीमातानगर निवासी अरशद आजाद अली (34) बताया गया. रविवार की शाम पुलिस दस्ता परिसर में गश्त कर रहा था. मछली मार्केट के पास पुलिस को अरशद एम.एच.31-ई.के.7618 नंबर की कार में दिखाई दिया. संदेह के आधार पर पुलिस ने उससे पूछताछ की. अरशद ने जांच में सहयोग करने की बजाय पुलिस से विवाद शुरू कर दिया और भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और थाने लाकर उसके वाहन की जांच की गई. सीट के नीचे पुलिस को जिपलॉक पन्नी में 7.23 ग्राम एमडी बरामद हुई. पुलिस ने उससे कार, ड्रग्स और अन्य दस्तावेज जब्त किए. पूछताछ में अरशद ने बताया कि माल उसे गोलू नामक आरोपी सप्लाई करता है, जो खरबी का रहने वाला है. पुलिस ने गोलू की विस्तृत जानकारी लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.




