spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

कोलंबिया में भूकंप से तबाही

– मृतकों की संख्या 254 पर पहुंची

– 7.4 तीव्रता के भूकंप से कई शहरों में इमारतें ढहीं, 3,000 से अधिक लोग लापता

बोगोटा :-  कोलंबिया में सोमवार तड़के आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। भूकंप के कारण कई शहरों में इमारतें ढह गईं और बड़ी संख्या में लोग मलबे में दब गए। अब तक 254 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.4 दर्ज की गई।

भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में मंगलवार को दूसरे दिन भी राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी रहा। बचाव दल क्रेन और उत्खनन मशीनों की मदद से मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। कई इमारतों के ऊपरी हिस्से पूरी तरह ढह गए हैं, जबकि अनेक भवनों की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं।

अस्पतालों को भी नुकसान

भूकंप से अस्पतालों समेत कई महत्वपूर्ण इमारतें भी प्रभावित हुई हैं। इमारतों को नुकसान पहुंचने के कारण बड़ी संख्या में मरीजों और बेघर लोगों को खुले स्थानों और सड़कों पर शरण लेनी पड़ी। कैली और परेरा जैसे प्रभावित शहरों में लोग लगातार दहशत में हैं और आफ्टरशॉक्स की आशंका के कारण इमारतों के अंदर जाने से बच रहे हैं।

कई दशकों का सबसे विनाशकारी भूकंप

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, यह कोलंबिया में पिछले कई दशकों में आए सबसे विनाशकारी भूकंपों में से एक है। राहत एवं बचाव दल पूरी रात मलबे में दबे लोगों को तलाशते रहे। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है। भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित कैली और परेरा शहरों में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया।

3 हजार से अधिक लोग लापता:

भूकंप के बाद 3 हजार से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय प्रशासन कैली, परेरा, चोको और मनिजालेस सहित प्रभावित क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश कर रहा है। आशंका है कि मलबे में अभी भी बड़ी संख्या में लोग फंसे हो सकते हैं।

भूकंप के कारण करीब 1,600 इमारतों के ढहने या क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। कई इलाकों में सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचे भी प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

बचाव अभियान के दौरान मलबे के नीचे से लोगों के जीवित मिलने की उम्मीद में राहत दल लगातार काम कर रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और बचाव एवं सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Popular Articles