– एमआईडीसी क्षेत्र में पुलिस का छापा, एमपी की पीड़िता को मुक्त कराया
नागपुर :- शहर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र में अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग ने देह व्यापार के मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से मध्य प्रदेश की रहने वाली एक पीड़िता को मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री सहित कुल 11,530 रुपये का सामान जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को दोपहर 3.25 से शाम 6.10 बजे के बीच अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मिली पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने एमआईडीसी थाना क्षेत्र के आशीर्वाद नगर, संगम रोड स्थित प्लॉट नंबर 70 पर छापेमारी की। पुलिस को मौके पर ललिता उर्फ पूजा संजय यादव (37) यह एक महिला से देह व्यापार करवाते हुए मिली। आरोप है कि वह आर्थिक लाभ के लिए ग्राहकों और पीड़िता को देह व्यापार के लिए जगह उपलब्ध करा रही थी। पुलिस ने पीड़िता को मुक्त कराते हुए 1,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की।
इस मामले में एमआईडीसी पुलिस थाने में आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(2) तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी महिला, पीड़िता और जब्त सामग्री को एमआईडीसी पुलिस के हवाले किया गया। यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटिल तथा उनकी टीम ने की।








