– कामठी विस में बावनकुले का जनसंपर्क अभियान तेज, एक ही दिन में 10 गांवों का दौरा
नागपुर :- सूखे जैसी मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बारिश की हर बूंद को रोककर जमीन में समाहित करना जरूरी है। भूजल स्तर बढ़ाने और खेती के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गांव-गांव में जलसंधारण के कार्य प्रभावी ढंग से किए जाएंगे। यह प्रतिपादन राज्य के राजस्व मंत्री तथा नागपुर और अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने किया।
कामठी विधानसभा क्षेत्र के मौदा तहसील में शनिवार को बावनकुले ने एक ही दिन में करीब 10 गांवों का दौरा किया। सुबह से देर रात तक चले इस दौरे में उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही जलसंधारण परियोजनाओं की समीक्षा, पात्र लाभार्थियों को मालिकाना हक के पट्टों का वितरण और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।
जलसंधारण कार्यों का निरीक्षण
दौरे के दौरान बेरडेपार में तैयार किए गए तिरपालयुक्त मिट्टी के बांधों का बावनकुले ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बारिश के पानी को रोककर जमीन में पहुंचाने में ऐसे बांधों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इससे भूजल स्तर बढ़ने के साथ आसपास के किसानों को खेती के लिए पानी उपलब्ध हो सकता है। उन्होंने गांव-गांव में जलसंधारण के कार्यों को प्राथमिकता देने और इनमें जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर बेरडेपार के नवनिर्मित समाज भवन का उद्घाटन भी किया गया।
इसके बाद भांडेवाड़ी में बनाए गए तिरपालयुक्त मिट्टी के बांधों का भी निरीक्षण किया। ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या दूर करने के लिए स्थानीय लोगों की भागीदारी से जलसंधारण के कार्य करने पर उन्होंने जोर दिया।
पात्र लाभार्थियों को मालिकाना हक के पट्टे
‘सभी के लिए घर’ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में मौदा तहसील की भांडेवाड़ी ग्राम पंचायत, अडेगांव समूह ग्राम पंचायत और तोंडली समूह ग्राम पंचायत क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए पात्र अतिक्रमणों को नियमानुसार नियमित किया गया। इसके बाद पात्र लाभार्थियों को मालिकाना हक के पट्टे वितरित किए गए। इससे अनेक परिवारों को अपने आवास पर कानूनी मालिकाना हक मिलने का रास्ता साफ हुआ।
ग्रामीणों से सीधा संवाद, समस्याओं के निराकरण के निर्देश
बावनकुले ने धर्मापुरी, खात, घोटमुंढरी और मांगली (तेली) सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पानी, खेती, राजस्व और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। बावनकुले ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल ज्ञापन स्वीकार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन पर जमीनी स्तर पर कार्रवाई भी होनी चाहिए।
एनटीपीसी प्रभावित किसानों के आंदोलन की ली सुध
मौदा स्थित एनटीपीसी परियोजना से प्रभावित किसानों के अनशन स्थल पर पहुंचकर बावनकुले ने आंदोलनकारियों से मुलाकात की और उनकी मांगें जानीं। नगराध्यक्ष प्रसन्ना (राजा) तिडके के नेतृत्व में जारी इस आंदोलन का संज्ञान लेते हुए उन्होंने एनटीपीसी मौदा के कार्यकारी निदेशक जोसेफ बास्टियन और संबंधित प्रशासन को किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेने के निर्देश दिए।
एक ही दिन में करीब 10 गांवों का दौरा कर बावनकुले ने ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जलसंधारण, कृषि के लिए पानी की उपलब्धता, आवास के मालिकाना हक और परियोजना प्रभावित किसानों की समस्याएं प्रमुखता से उनके एजेंडे में रहीं। ग्रामीणों से सीधे संवाद कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन को सक्रिय करने का प्रयास किया गया।






