spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

चार गुना रकम का झांसा, परवेज गैंग पर मकोका

नागपुर :- नंदनवन थाना क्षेत्र में चार गुना रकम देने का लालच देकर ठगी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ नागपुर पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई की है। इस मामले में गिरफ्तार सात आरोपी पहले से नागपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को यवतमाल निवासी निखिल आकाश चौहान से आरोपियों ने चार गुना रकम देने का झांसा देकर 50 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने असली नोटों की जगह कागज के बंडल दिखाकर शिकायतकर्ता को धोखा दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में 500 रुपये के मूल्यवर्ग की 200 नोटों (कुल 40 हजार रुपये) का इस्तेमाल कर सबूत जुटाए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता से संपर्क करने के लिए मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग किया था। इस मामले में नंदनवन थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में परवेज अहमद मोहम्मद शरीफ पटेल, अवतार सिंह जग्गू सिंह जूनी, शाहरुख खान मतलब खान, अंकित लीलाधर वासनिक, अंकित राजेंद्र सूर्यवंशी, मोहम्मद मन्नान मोहम्मद इदरीस शेख और अदनान उर्फ आशु रोशन खान शामिल हैं। वहीं, नरेश बुचके और पुणेवाला पाटिल फरार हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना परवेज अहमद मोहम्मद शरीफ पटेल और उसके साथियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट, धोखाधड़ी, अवैध हथियार रखने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद गिरोह लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था।

पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त रश्मिता राव (आईपीएस) के मार्गदर्शन में नंदनवन थाना प्रभारी कैलास देशमाने, उपनिरीक्षक प्रदीप काइट तथा उनकी टीम ने मकोका लगाने का प्रस्ताव तैयार किया। अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी की स्वीकृति के बाद मामले में मकोका की धारा 3(1), 3(2) और 3(4) जोड़ दी गई है।मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस आयुक्त रोशन पंडित (सक्करदरा विभाग) कर रहे हैं। नागपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में संगठित अपराध और दहशत फैलाने वाले गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.