– गड़चिरोली पुलिस और एलसीबी की संयुक्त कार्रवाई
नागपुर :- गड़चिरोली जिले के धानोरा थाना क्षेत्र में रेत परिवहन करने वाले ट्रक चालक की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक नाबालिग बालक (किशोर) को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई नागपुर ग्रामीण की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और गड़चिरोली पुलिस ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को धानोरा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से मामले में शामिल नाबालिग बालक फरार था। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग नागपुर शहर के सिरसपेठ क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर नागपुर ग्रामीण की स्थानीय अपराध शाखा और गड़चिरोली पुलिस की संयुक्त टीम ने सिरसपेठ में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान आरोपी अपने घर पर मिला। पुलिस ने उसके अभिभावकों की उपस्थिति में पूछताछ की, जिसमें उसने घटना के संबंध में जानकारी दी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी नाबालिग को आगे की कार्रवाई के लिए गड़चिरोली पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।








