spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

जेल से बाहर आते ही फायरिंग

– पैसों के लेनदेन के विवाद में कोतवाली में भड़का गैंगवार

नागपुर :-शहर के कोतवाली क्षेत्र की घटना के बाद एक बार फिर गैंगवार ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। पांचपावली थाना क्षेत्र के शनिवार बाजार में देर रात करीब साढ़े 11 बजे एक मकोका आरोपी पर फायरिंग की गई। घटना में आरोपी बाल-बाल बच गया, जबकि हमलावर वारदात के बाद साथियों सहित फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जगदीश गोखले (27) पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अजय चिंचखेडे (27) पर गोली चलाई। अजय कुख्यात बदमाश है और मकोका मामले में आरोपी रहा है। वह एक दिन पहले ही मकोका प्रकरण में जेल से बाहर आया था। बताया गया है कि घटना के समय वह अपने दोस्तों के साथ शनिवार बाजार इलाके में बैठा था, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग वहां पहुंचे और जगदीश ने उस पर फायरिंग कर दी। हालांकि, अजय समय रहते वहां से भाग निकला और उसकी जान बच गई। घटना के बाद गुरुवार सुबह अजय पांचपावली थाने पहुंचा और घटनास्थल से मिला कारतूस पुलिस को सौंपते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जगदीश गोखले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और वह भी हाल ही में यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के एक अपहरण मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस के मुताबिक, अजय और जगदीश दोनों ही इलाके के कुख्यात बदमाश हैं। दोनों के बीच पहले से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते फायरिंग की वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। पांचपावली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

Popular Articles