spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

युवती की हत्या या आत्महत्या?

– मर्डर मिस्ट्री सुलझाने में जुटी पुलिस, कन्हान नदी में मिला शव

 नागपुर :- कन्हान नदी में एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रोशनी उर्फ आशी डे, निवासी प्रतापनगर, नागपुर के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि महिला ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या कर शव नदी में फेंका गया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने पुल से नदी में छलांग लगाई थी या फिर उसकी कहीं और हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव नदी में फेंका गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

जांच अधिकारी वैजयंती मांडवधरे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मामले की गहन जांच जारी है।

व्यवसायिक वर्चस्व के विवाद की भी जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोशनी उर्फ आशी डे और उसका कथित प्रेमी मोनू बनपिया (एमडी) तस्करी से जुड़े होने की आशंका है। दोनों के बीच कथित तौर पर वर्चस्व को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते रोशनी ने मोनू बनपिया के खिलाफ यशोधरानगर और प्रतापनगर थानों में शिकायतें भी दर्ज कराई थीं। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम और महिला की मौत के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Popular Articles