– राहुल गांधी पर गोली मारने की धमकी को लेकर कांग्रेस नेता ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
नागपुर :- कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि राहुल गांधी को नाथूराम गोडसे का वंशज बताकर गोली मारने का बयान न केवल शर्मनाक है, बल्कि लोकतंत्र की हत्या का सीधा ख़तरा भी है। भाजपा नेता के इस चौंकाने वाले बयान के बाद देश भर से नाराज़ प्रतिक्रियाएँ सुनने को मिल रही हैं और विपक्ष ने इस बयान की कड़ी निंदा की है। महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने सोमवार को एक जोरदार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “नाथूराम गोडसे का वंश गांधी के वंशजों के लिए खतरा बनता जा रहा है।” उन्होंने यह बयान उन लोगों के खिलाफ दिया, जिन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को “गोडसे का वंशज” बताकर गोली मारने जैसी धमकी दी है। वडेट्टीवार ने कहा कि, “राहुल गांधी को गोडसे का वंशज बताना और उनके खिलाफ हिंसा भड़काने वाले बयान देना न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। गांधी के विचारों को मानने वाले लोगों को डराने का प्रयास अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि ऐसे बयान देने वालों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि समाज में हिंसा का ज़हर फैलाने वालों के खिलाफ सबको मिलकर आवाज़ उठानी चाहिए।
राजनीतिक बयानबाजी या हिंसा की धमकी?
वडेट्टीवार ने बिना किसी का नाम लिए सत्ताधारी दलों को भी घेरा और सवाल उठाया कि “क्या गांधी को मानने वाला हर व्यक्ति अब इस देश में असुरक्षित हो गया है? उन्होंने यह भी कहा कि देश के युवा आज रोजगार, महंगाई और शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर चिंतित हैं, लेकिन कुछ लोग उन्हें भटकाने के लिए नफरत की राजनीति कर रहे हैं। विजय वडेट्टीवार का यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश की राजनीति में एक बार फिर से गांधी बनाम गोडसे की विचारधारा को लेकर बहस तेज़ हो गई है। अब देखना यह होगा कि राज्य सरकार और संबंधित विभाग इस बयानबाजी को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या कोई ठोस कार्रवाई होती है या नहीं।




