– उपसरपंच गुणाराम मेहर की चेतावनी
– आगार व्यवस्थापक सहित स्थानीय विधायक को सौंपा ज्ञापन
यासीन शेख, गोंदिया सालेकसा :- तहसील तहत अतिसंवेदनशील नक्सल प्रभावित एवं आदिवासी क्षेत्र माने जाने वाला, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा से सटा पिपरिया क्षेत्र जिल्हा मुख्यालय से जोड़ने वाली राज्य परिवहन मंडल की एकमात्र बस सेवा गल्लाटोला से गोंदिया है। यह बस सेवा वर्तमान में दिन में केवल दो बार संचालित होती है। पहली सुबह 7:15 बजे गल्लाटोला से गोंदिया और दूसरी शाम 4:00 बजे गल्लाटोला से गोंदिया जाती है।
यह बस सेवा वर्ष 2005 से रामाटोला मार्ग होकर संचालित होती थी, लेकिन कोरोना काल से रामाटोला के ग्रामीणों को लालपरी के दर्शन तक नहीं हुए हैं। इस संबंध में पूर्व में एक-दो बार पत्राचार किया गया, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा लगातार उपेक्षा की गई। स्थानिक विधायक संजय पुराम ने भी इस मार्ग से बस सेवा पुनः शुरू करने का अनुरोध किया था, किंतु सड़क की स्थिति का हवाला देकर मांग को नजरअंदाज कर दिया गया। अब सड़क संबंधी कोई समस्या शेष नहीं है। कारुटोला फाटा से रामाटोला मार्ग का नवीनीकरण पूर्ण हो चुका है। इसके बावजूद टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसा स्पष्ट करते हुए 30 जनवरी 2026, शुक्रवार को गोंदिया आगार व्यवस्थापक, गोंदिया जिला पुलिस अधीक्षक एवं स्थानीय विधायक मा. संजय पुराम को गोंदिया से गल्लाटोला बस सेवा रामाटोला (पिपरिया) मार्ग से शुरू करने की मांग का ज्ञापन सौंपा गया है।
यदि इस मांग की अनदेखी की गई तो आगामी 9 फरवरी, सोमवार को रामाटोला फाटा, मौजा कारुटोला में गल्लाटोला–सालेकसा मुख्य मार्ग पर रास्ता रोको आंदोलन किया जाएगा, ऐसी चेतावनी उपसरपंच गुणाराम मेहर ने दी है। अब पूरे पिपरिया क्षेत्रवासियों की नजर इस पर टिकी है कि बस सेवा शुरू होती है या फिर गुणाराम मेहर को अपने समर्थकों के साथ रास्ता रोको आंदोलन करना पड़ता है।








