– आशीष शेलार ने किया डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर का निरीक्षण
नागपुर :- राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों के महत्वपूर्ण डेटा को सुरक्षित रखने के लिए नागपुर में तैयार किया जा रहा डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर जल्द ही कार्यरत होगा। राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री एड. आशीष शेलार ने कहा कि सेंटर के पूरी तरह शुरू होने से सरकारी कामकाज अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और कार्यक्षम होगा। उन्होंने परियोजना का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
शेलार ने गड्डीगोदाम मेट्रो स्टेशन पर करीब 14 हजार वर्गफीट क्षेत्र में निर्माणाधीन अत्याधुनिक डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों से परियोजना के नियोजन तथा अब तक हुए कार्य की जानकारी ली। मंत्री शेलार ने सर्वर रूम, कंट्रोल रूम, इमरजेंसी यूनिट और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में डेटा सेंटर की कार्यक्षमता और सुरक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से पुख्ता नियोजन जरूरी है। सर्वर को निर्धारित तापमान पर बनाए रखने के लिए कूलिंग सिस्टम, पानी की उपलब्धता और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
शेलार ने कहा कि परियोजना से जुड़े लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। साथ ही काम की नियमित निगरानी करते हुए परियोजना को तय समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग के नोडल अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक संदीप बापट और महामेट्रो के महाप्रबंधक सुधाकर उराडे उपस्थित थे।





