– कैडर समेत 9 नक्सलियों ने किया सरेंडर
गढ़चिरोली :- महाराष्ट्र के गडचिरोली जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत आज बड़ी सफलता सामने आई है। 9 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें 3 ACM रैंक के वरिष्ठ कैडर शामिल हैं। बाकी 6 अन्य नक्सली भी इस सरेंडर में शामिल रहे।
सरेंडर करने वाले इन सभी माओवादियों पर महाराष्ट्र सरकार द्वारा कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इनमें से दो कुख्यात नक्सली अपने साथ एक ऑटोमैटिक AK-47 राइफल और एक कार्बाइन राइफल लेकर पहुंचे, जो सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। यह आत्मसमर्पण ऐसे दिन हुआ है, जब देश के गृहमंत्री अमित शाह द्वारा नक्सलवाद के खात्मे के लिए तय की गई समयसीमा पूरी हो रही है। ऐसे में आज का यह घटनाक्रम रणनीतिक और प्रतीकात्मक दोनों ही लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
सोमवार को लोकसभा में नक्सल समस्या पर चर्चा के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि देश से नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है और अब यह अपने अंतिम चरण में है।
गडचिरोली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त और लगातार प्रयासों का यह नतीजा बताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, साल 2025 से अब तक कुल 132 सशस्त्र माओवादी कैडर आत्मसमर्पण कर चुके हैं। सरेंडर करने वाले माओवादियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर छत्तीसगढ़ में हथियार और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।








