– मी टू वी फाउंडेशन एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भिलगाव शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता
कामठी :- मी टू वी फाउंडेशन एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भिलगाव शाखा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 7 जून 2026 को माकडे सेलिब्रेशन हॉल में “स्वास्थ्य प्रबोधन एवं कुटुंब प्रबोधन” विषय पर विशेष जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में “जेनरिक मेडिसिन” विषय पर अन्न एवं औषध प्रशासन विभाग के सह आयुक्त पद से सेवानिवृत्त पुष्पाहास बल्लाळ ने मार्गदर्शन किया। उन्होंने जेनरिक दवाइयों की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं विश्वसनीयता पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों के मन में व्याप्त अनेक शंकाओं का समाधान किया।
इस अवसर पर बालाजी फार्मेसी के संचालक अरविंद अग्रवाल ने जेनरिक मेडिसिन के संबंध में लोगों के मन में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि जेनरिक दवाइयाँ गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार से कमतर नहीं होतीं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देकर उनमें जेनरिक दवाइयों के प्रति विश्वास एवं जागरूकता का भाव विकसित किया।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इतवारी भाग के संघचालक संजय शिरपुरकर ने “कुटुंब प्रबोधन” विषय पर मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि परिवार समाज की मूल इकाई है तथा परिवार में कृतज्ञता, आत्मीयता, सरलता, संवाद एवं संस्कारों का वातावरण बना रहना आवश्यक है। उन्होंने आदर्श परिवार निर्माण के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लालगंज भाग के संघचालक अविनाश आवळे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं ब्रह्माकुमारी केंद्र, भिलगांव की कंचन दीदी की भी विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मनोज कुमार, धनंजय सिंह ,मुरलीधर बाबराव ढोंगे,जितेंद्र प्रजापति, एस.के. सनी, प्रदीप बडगरे, भास्कर गिरीपुंजे, शंभूनाथ शर्मा, अरुणा राव, कंचन एवं हेमलता रोकड़े सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन खोजेंद्र माकडे किया गया।







