– 9.37 लाख रुपये का माल जब्त, दो सगे भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज
नागपुर :- शहर में प्रतिबंधित गुटखा और सुगंधित तंबाकू के अवैध कारोबार का एक और मामला सामने आया है। यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के मेहबूबपुरा इलाके में पुलिस आयुक्त के एस्कॉर्ट दस्ते ने छापेमारी कर प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू का बड़ा जखीरा बरामद किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 9 लाख 37 हजार 951 रुपये का माल जब्त किया है। मामले में फईम अंसारी और उसके भाई नदीम उर्फ लखन अंसारी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात मेहबूबपुरा स्थित टिपू सुल्तान चौक और नूरी मस्जिद के पास प्रतिबंधित गुटखा एवं तंबाकूजन्य पदार्थों का भंडारण कर अवैध रूप से बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना एस्कॉर्ट दस्ते को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में संबंधित ठिकानों पर छापा मारा। इस दौरान फईम अंसारी के घर की पहली मंजिल पर टिनशेड से बने कमरे में प्रतिबंधित गुटखा और सुगंधित तंबाकू का भंडार मिला। इसके अलावा उसके भाई नदीम उर्फ लखन अंसारी द्वारा किराए पर लिए गए एक अन्य कमरे से भी तंबाकूजन्य पदार्थ बरामद हुए। पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 9 लाख 37 हजार 951 रुपये का माल जब्त किया।
पूछताछ के दौरान फईम ने कथित तौर पर बताया कि जब्त किया गया माल उसके भाई नदीम उर्फ लखन का है। पुलिस के अनुसार, दोनों भाई मिलकर शहर के विभिन्न पानठेला संचालकों को चोरी-छिपे प्रतिबंधित तंबाकू जन्य पदार्थों की आपूर्ति करते थे। इस मामले में दोनों भाइयों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। यशोधरा नगर पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क की जांच कर रही है।








