spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

होली के हुड़दंगियों पर पुलिस का ‘रंगचाप’!

– रिकॉर्ड पर दर्ज 685 अपराधी तीन दिन के लिए तड़ीपार

– 2 से 5 मार्च तक शहर में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध; चंद्रपुर पुलिस की अपराधियों पर सख्त कार्रवाई!

चंद्रपुर :- रंगों के पर्व होली और धूलिवंदन के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चंद्रपूर पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। उत्सव की आड़ में हुड़दंग, मारपीट, छेड़छाड़ और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड पर दर्ज 685 अपराधियों को तीन दिनों के लिए तड़ीपार किया गया है।

यह प्रतिबंध 2 मार्च से 5 मार्च तक लागू रहेगा। इस अवधि में संबंधित थाना क्षेत्र की सीमा में इन व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

धारा 163(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई

होली के दौरान पुराने विवाद उभरने, शराब के नशे में उत्पात मचाने और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील एवं आदतन अपराधियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए थे।

इसके आधार पर जिन व्यक्तियों पर दो या अधिक गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा जिनसे शांति भंग होने की संभावना है, ऐसे 685 लोगों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 163(2) के तहत प्रतिबंधात्मक एवं तड़ीपार की कार्रवाई की गई है।

हद में दिखे तो होगी तत्काल गिरफ्तारी!

पुलिस प्रशासन के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों को 2 मार्च की सुबह से ही शहर की सीमा से बाहर रहने के आदेश दिए गए हैं। 5 मार्च की रात तक यह प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।

यदि इस दौरान कोई तड़ीपार आरोपी शहर या आसपास के क्षेत्र में पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई कर कठोर धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।

नाकाबंदी, गश्त और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई

तड़ीपार कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने शहर के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर नाकाबंदी कर दी है।

रात में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष अभियान ट्रिपल सीट और तेज रफ्तार बाइकर्स पर सख्ती

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।

“उत्सव के नाम पर सार्वजनिक शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। तड़ीपार किए गए 685 व्यक्तियों पर हमारी कड़ी नजर है। यदि उन्होंने प्रतिबंधित अवधि में शहर की सीमा में प्रवेश किया तो उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा। प्रत्येक चौक-चौराहे पर पुलिस पथक तैनात है। शराब पीकर वाहन चलाने और ट्रिपल सीट घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक सुरक्षित और संयमित होली मनाएं।”

— ईश्वर कातकडे,अपर पुलिस अधीक्षक, चंद्रपुर

Popular Articles