अकोला :- अकोला-दर्यापुर मार्ग पर खरप गांव के समीप शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे आरजे-11-जीबी-0492 नंबर का एक तेज रफ्तार ट्रक खरप गांव के पास एक दोपहिया वाहन से टकरा गया.








