– बर्डी, महल चौक समेत प्रमुख क्षेत्रों में कार्रवाई
नागपुर :- महानगरपालिका के प्रवर्तन विभाग ने कई प्रमुख क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ निर्मूलन कार्रवाई शुरू की. कार्रवाई के तहत सड़कों के दोनों ओर रोड और फुटपाथों पर लगे अवैध ठेलों और दुकानों को हटाया गया. अतिक्रमण निर्मूलन की यह कार्रवाई धरमपेठ जोन और लक्ष्मीनगर जोन के तहत संयुक्त रूप से की गई. धरमपेठ जोन अंतर्गत कार्रवाई जोन कार्यालय से शुरू होकर सीताबर्डी मेन रोड, वैरायटी चौक से होते हुए वापस संपूर्ण सीताबर्डी मेन रोड पर केंद्रित रही. शाम के बाद कार्रवाई आईटी पार्क से वीएनआईटी परिसर, दक्षिण अंबाझरी रोड परिसर से प्रतापनगर और त्रिमूर्तिनगर तक की गई. इस कार्रवाई में रास्तों के दोनों किनारों पर मौजूद अवैध ठेले और दुकानें हटाई गई.
गांधीबाग में भी हटाया गया अतिक्रमण
गांधीबाग जोन के अंतर्गत टीम द्वारा अतिक्रमण निर्मूलन कार्रवाई शुरू की गई. यह अभियान जोन कार्यालय से महल चौक से बड़कस चौक होते हुए पूरे दिन महल चौक क्षेत्र तक केंद्रित रहा, यहां भी सड़कों के दोनों ओर फुटपाथों पर स्थित अवैध ठेलों और दुकानों को हटाया गया, कार्रवाई में हरीश राऊत और संजय कांबले के मार्गदर्शन में अतिक्रमण दल ने हिस्सा लिया. जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान हॉकर्स वालों द्वारा अतिक्रमण निर्मूलन कार्रवाई का काफी विरोध किया गया, फिर भी कार्रवाई जारी रही. इस दौरान लगभग 1 ट्रक सामग्री और अन्य सामान जब्त किया गया.








