वाड़ी :- वाड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रही ऑनलाइन राजश्री लॉटरी दुकानों को लेकर हालात गंभीर होते जा रहे हैं। इन दुकानों के इर्द-गिर्द पनप रही अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी ने पूरे इलाके की शांति और सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। हाल के दिनों में हुई दो हिंसक घटनाओं ने स्थानीय नागरिकों की चिंता और आक्रोश बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार वाडी में कुल 2 ऑनलाइन राजश्री लॉटरी केंद्र संचालित हैं, जहां दिन-भर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इन स्थानों पर अक्सर शराबखोरी, नशीले पदार्थों का सेवन, गाली-गलौच और मारपीट की घटनाएँ होती रहती हैं। सूत्रों के अनुसार ये लॉटरी दुकानें खड़गांव रोड, रमेश चिवड़ा के पास और उसके आगे अमृतुल्य चाय के बगल में और ओसाई रेस्टोरेंट के सामने तवक्कल ले आउट पर मौजूद हैं। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कुछ महीने पहले खड़गांव रोड स्थित एक लॉटरी केंद्र के पास एक युवक के साथ सरेआम मारपीट की घटना सामने आई थी। वहीं आंबेडकर नगर इलाके की एक लॉटरी दुकान पर शराब के नशे में युवकों के बीच जमकर विवाद हुआ था। इन घटनाओं ने क्षेत्र में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
प्रशासन की भूमिका पर सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों की मांग है कि इन अवैध ऑनलाइन लॉटरी केंद्रों पर तत्काल छापेमारी कर इन्हें बंद किया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। इलाके के नागरिक अब संगठित होकर इस अवैध कारोबार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।




