– मानकापुर रिंग रोड सिग्नल के पास की घटना, आरोपी मौके से फरार
नागपुर :- मानकापुर रिंग रोड सिग्नल के पास चार युवकों ने पत्थर मारकर महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बस का पिछला कांच तोड़ दिया। घटना 22 अक्टूबर की रात करीब 10:10 बजे की है। बस सीताबर्डी से पारशिवनी फाटा मार्ग पर चल रही थी। घटना के बाद चारों युवक मौके से फरार हो गए। इस मामले में मानकापुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोराडी डिपो की बस क्रमांक एमएच 40/ डीसी 5390 में चार पुरुष यात्री सफर कर रहे थे। उन पर शराब के नशे में होने का संदेह जताया गया है। बताया जाता है कि वे मोबाइल पर इंस्टाग्राम के वीडियो तेज आवाज में देख रहे थे, जिससे बस में सवार अन्य यात्रियों को परेशानी हो रही थी। कुछ यात्रियों ने वीडियो की आवाज कम करने को कहा, जिसके बाद चारों युवक बस से नीचे उतर गए। बस से उतरने के बाद युवकों ने सड़क किनारे पड़े पत्थर उठाकर बस के पिछले हिस्से की खिड़की पर फेंके। इससे बस का पिछला कांच क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। यह बस शाम की शिफ्ट में सीताबर्डी से पारशिवनी फाटा मार्ग पर ड्यूटी कर रही थी। बस के चालक निखिल शेंडे और वाहक वैभव धवले थे। घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए मानकापुर पुलिस थाने में रिपोर्ट प्रस्तुत की जा रही है। बस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाने की प्रक्रिया भी जारी है, जिससे घटना की जांच में मदद मिल सकेगी।








