– दिनेश ठाकरे करेंगे यूएन सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व
नागपुर :- कृषि, सामाजिक विकास और सतत परिवर्तन के क्षेत्र में कार्य कर रहे काटोल के कृषिरत्न दिनेश ठाकरे का थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए चयन हुआ है। उनके चयन से काटोल और नागपुर जिले में खुशी का माहौल है।
दिनेश ठाकरे का चयन 3 अगस्त 2026 को बैंकॉक स्थित संयुक्त राष्ट्र एशिया-प्रशांत मुख्यालय के यूनाइटेड नेशंस कॉन्फ्रेंस सेंटर में आयोजित ‘सस्टेनेबल फ्यूचर फोरम’ में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दिनेश ठाकरे सतत विकास, आधुनिक कृषि तकनीक, किसान सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन जैसे विषयों पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन में विभिन्न देशों के नीति-निर्माताओं, विशेषज्ञों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
‘वर्ल्ड पीस अवॉर्ड’ से होंगे सम्मानित
सम्मेलन के बाद 4 अगस्त 2026 को आयोजित ‘वर्ल्ड पीस फोरम’ में दिनेश ठाकरे को ‘वर्ल्ड पीस अवॉर्ड’ से सम्मानित किए जाने की जानकारी है। कृषि क्षेत्र में नवाचार, किसानों के सशक्तिकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए यह सम्मान दिए जाने की बात कही गई है।





