कोलकाता :- कोलकाता के चेतला इलाके में शनिवार रात शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद एक युवक की लोहे की रॉड से पिटाई कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना चेतला बस स्टैंड के पास हुई, जहां नशे में धुत लोगों के एक समूह में झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति ने दूसरे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वह करीब 100 मीटर दूर जाकर गिर पड़ा। जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अशोक पासवान के रूप में हुई है, वह वहीं एक कार वॉश में काम करता था। कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों की हत्या में सीधी संलिप्तता पाई गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त जारी है और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।








