– एमआईडीसी अग्निशमन दल ने आधे घंटे में पाया काबू
नागपुर/हिंगना :- हिंगना मार्ग पर एसआरपीएफ गेट के पास स्थित महावीर गैस रिपेयरिंग सेंटर एवं मिनी सिलेंडर बिक्री की दुकान में बुधवार शाम करीब 5 बजे अचानक आग लग गई। दुकान सुषमा मनोहर गोंडाने की बताई गई है। आग की सूचना मिलते ही एमआईडीसी अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
अग्निशमन विभाग को शाम 5.28 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। कुछ ही देर में दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंच गया। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आग को फैलने से रोक दिया। घटना के समय दुकान में कुछ गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे। गनीमत रही कि आग की चपेट में आने से केवल एक सिलेंडर और कुछ सामान जला। अन्य सिलेंडरों के सुरक्षित रहने से बड़ा हादसा टल गया। अग्निशमन अभियान में उप अग्निशमन अधिकारी ओ.डी. पांडे, प्रमुख अग्निशमन विमोचक आर.डी. साखरे, चालक-यंत्रचालक एम.आर. रोहनकर, व्ही.जी. गाटकीने तथा अग्निशमन जवान एस.एम. इंगले, पी.बी. वरुडकर, ए.एस. डुकरे, बी.जी. मराठे और ए.बी. राठौड़ ने हिस्सा लिया। एमआईडीसी थानेदार बाबूराव राऊत ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग लगने का कारण और नुकसान का विस्तृत ब्योरा फिलहाल सामने नहीं आया है। घटना के कारण शाम के व्यस्त समय में हिंगना मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।






