– 11 केवी लाइन की चपेट में आया पाइप
बाजारगांव :- मंडप खोलते समय लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आने से 35 वर्षीय मंडप कर्मचारी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शुक्रवार, 21 अगस्त को सुबह करीब 10 से 11.30 बजे के बीच बाजारगांव में हुआ। मृतक की पहचान कोंढाली के रामनगर निवासी अनिल वासुदेव खोड़नकर (35) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अनिल पिछले करीब दो वर्षों से बाजारगांव निवासी दीपक नीलकंठ कालेबांडे के साथ डेकोरेशन और मंडप सजावट का काम कर रहा था। गुरुवार, 20 अगस्त को दीपक कालेबांडे के भाई राजू कालेबांडे के घर वास्तु पूजन कार्यक्रम के लिए मंडप लगाया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शुक्रवार सुबह मंडप खोलने का काम शुरू किया गया। इसी दौरान मंडप का लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। पाइप में बिजली प्रवाह होने से अनिल को जोरदार करंट लगा और वो जमीन पर गिर पड़ा। हादसे के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए नागपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोंढाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानेदार सुमित परतेकी के मार्गदर्शन में पुलिस कर्मचारी घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार सदमे में
अनिल खोड़नकर अपने पीछे पत्नी, पांच वर्षीय पुत्र और दिव्यांग पिता को छोड़ गए हैं। उनके पिता बोल नहीं सकते। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अनिल की मौत की खबर मिलते ही कोंढाली के रामनगर और बाजारगांव परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।





