– चना दाल, मिल व मशीनरी जलकर राख, भारी नुकसान
चांदुर रेलवे :- कुर्हा रोड स्थित एमआईडीसी क्षेत्र के मीरा इंडस्ट्रीज में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई. सुबह करीब 2 बजे लगी इस आग में बड़ी मात्रा में चना, मिल और महंगी मशीनरी जलकर खाक हो गई और भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.मीरा इंडस्ट्रीज प्रतिदिन 70 टन चने का प्रसंस्करण करके चना दाल का उत्पादन करती है. लगभग ढाई एकड़ क्षेत्र में फैली इस मिल की तीन मंजिला इमारत को आग को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट था. सोमवार, 22 दिसंबर को रात 10 बजे तक मिल में चने का प्रसंस्करण चल रहा था. काम खत्म होने के बाद मजदूर और मिल मालिक घर चले गए थे, लेकिन कुछ मजदूर मिल परिसर में स्थित अपने कार्टर में सो रहे थे. सर्दी के दिन और जबरदस्त ठंड की वजह से सब अपने अपने कमरों में सोए हुए थे, इसलिए किसी को भी ठीक-ठीक पता नहीं था कि आग कब लगी. मंगलवार सुबह मिल से धुआं निकलते देख मालिक पीयूष गंगन को फोन पर सूचना दी गई. मिल के शटर खुलते ही अंदर आग की भयावहता और अफरा-तफरी का मंजर नजर आया. कुछ ही पलों में धुआं पूरे इलाके में फैल गया.आग लगने की सूचना मिलते ही चांदूर रेलवे, धामनगांव, नांदगांव खंडेश्वर, तिवसा और अमरावती से दमकल कर्मियों के वाहन तुरंत मौके पर पहुंचे.
आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों का अथक प्रयास
दमकल कर्मियों ने चांदूर रेलवे के पंपिंग स्टेशन से लगभग 30 से 35 बार चक्कर लगाकर पानी डाला. कई घंटों के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया. दमकल विभाग के प्रमुख अमोल भुजाडे, जीतू करसे, पंकज इमले, ड्राइवर अमोल काडू, दमकलकर्मी नीरज दुबे, मयूर घोडेस्वार और अमरावती, धामनगांव, नांदगांव खंडेश्वर और तिवसा के दमकल कर्मियों ने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस बीच, आग लगने की सूचना मिलते ही शहर के कई नागरिक और आसपास के युवा मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों की मदद की. बताया जा रहा है कि नागरिकों के सहयोग से एक बड़ी दुर्घटना टल गई.




