नागपुर :- वाड़ी थाना क्षेत्र में हुई वाहन चोरी के मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने अपने साथी हरिओम सोसाइटी, वाड़ी निवासी शैलेष रामदास कुमरे (27) के साथ मिलकर दो बाइक चोरी करने की बात कबूल की। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी की दोनों बाइकों समेत करीब 1 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, करीब 15 दिन पहले वाड़ी निवासी चंद्रभूषण ननू पांडे (56) की बाइक क्रमांक एमएच-40/बीएस-4852 हैंडल लॉक होने के बावजूद घर के सामने से चोरी हो गई थी। इस मामले में वाड़ी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान नाबालिग आरोपी के बारे में सुराग मिलने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने शैलेष कुमरे के साथ मिलकर उक्त बाइक चोरी करने की कबूली दी। आगे पूछताछ में उसने वाड़ी थाना क्षेत्र से ही एक अन्य बाइक क्रमांक एमएच-40/बीजेड-2488 चोरी करने की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों वाहन बरामद कर करीब 1 लाख रुपये का माल जब्त किया है। मामले में फरार आरोपी शैलेष कुमरे की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।





