नागपुर :- वाठोडा पुलिस थाना क्षेत्र में तड़ीपारी के आदेश का उल्लंघन कर शहर में दाखिल हुए एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लाल रंग की एक्टिवा दोपहिया वाहन जब्त की गई है। यह कार्रवाई 30 अगस्त की शाम करीब 7 बजे की गई।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को शाम करीब 7 बजे वाठोडा पुलिस की टीम थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान तरोड़ी बुद्रुक गांव स्थित आउटर रिंग रोड पुल के पास एक व्यक्ति एक्टिवा पर संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह वहां से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजय श्यामराव चन्ने (50) बताया। वह फ्लैट नंबर 38, गोपालकृष्ण लॉन के पीछे, वाठोडा, नागपुर का निवासी है।इसके बाद पुलिस ने आरोपी को वाठोडा थाने लाकर उसका आपराधिक रिकॉर्ड जांचा। जांच में सामने आया कि उसे पुलिस उपायुक्त, परिमंडल क्रमांक-5 के तड़ीपारी आदेश, दिनांक 31 दिसंबर 2025 के तहत नागपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र से दो वर्ष के लिए तड़ीपार किया गया था।तड़ीपारी का आदेश लागू होने के बावजूद आरोपी ने सक्षम अधिकारी से किसी प्रकार की अनुमति लिए बिना वाठोडा थाना क्षेत्र में प्रवेश किया। पुलिस के मुताबिक, उसने तड़ीपारी आदेश का उल्लंघन किया। इसके बाद वाठोडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोपेड क्रमांक एमएच 49/ बीव्ही 3675 जब्त की है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की आगे की जांच वाठोडा पुलिस कर रही है।





