spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

पीएनजी अभियान में नागपुर आगे, विदर्भ पीछे

– पांच माह में 114 नए घरेलू कनेक्शन, कई जिलों में एक भी उपभोक्ता नहीं जुड़ा

नागपुर :- केंद्र सरकार के ‘राष्ट्रीय पीएनजी अभियान 2.0’ के तहत इस वर्ष 1 जनवरी से 31 मई के बीच नागपुर में 114 नए घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन दिए गए हैं। हालांकि, विदर्भ के अन्य जिलों में एक भी नया घरेलू पीएनजी कनेक्शन नहीं जुड़ने से क्षेत्र में शहरी गैस नेटवर्क के विस्तार की धीमी गति उजागर हुई है।

यह जानकारी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से दी। मंत्री द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, अभियान की अवधि में नागपुर विदर्भ का एकमात्र भौगोलिक क्षेत्र रहा, जहां नए घरेलू पीएनजी कनेक्शन जारी किए गए। इसके विपरीत अकोला-हिंगोली-वाशिम, अमरावती-यवतमाल, चंद्रपुर-वर्धा तथा भंडारा-गोंदिया-गड़चिरोली क्षेत्रों में एक भी नया घरेलू पीएनजी कनेक्शन नहीं जोड़ा गया। इससे स्पष्ट होता है कि विदर्भ के अधिकांश हिस्सों में शहरी गैस वितरण नेटवर्क का विस्तार अभी अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) तथा अधिकृत सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनियों द्वारा 1 जनवरी से 30 जून 2026 तक चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक घरों तक पीएनजी पहुंचाना, निष्क्रिय उपभोक्ताओं को सक्रिय करना, मौजूदा गैस अवसंरचना का बेहतर उपयोग करना तथा जनजागरूकता, डिजिटल पंजीकरण और पाइपलाइन परियोजनाओं को त्वरित मंजूरी देकर स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है। राज्य स्तर पर महाराष्ट्र ने अभियान के दौरान 2,93,205 नए घरेलू पीएनजी कनेक्शन देकर देश के अग्रणी राज्यों में स्थान प्राप्त किया है। हालांकि, विदर्भ के अधिकांश जिलों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने से क्षेत्र में गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार की रफ्तार पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.