– कम समय में गांव का विकास एक चुनौती
गोरेगांव :- तहसील क्षेत्र के सरपंच उपचुनावों में ग्राम कटंगी बुजुर्ग का चुनाव विशेष रूप से चर्चा का विषय रहा। इस प्रतिष्ठित मुकाबले में भाजपा की उम्मीदवार एवं इंजीनियर रीना खोमेंद्र पारधी ने शानदार जीत दर्ज की।
दिनांक 2 मई को क्षेत्र के विधायक विजय रहांगडाले ने अपने तिरोडा कार्यालय में नवनिर्वाचित सरपंच रीना पारधी का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत कटंगी के विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
हाल ही में संपन्न उपचुनावों के तहत नवनिर्वाचित सरपंचों को विकास कार्यों के लिए लगभग डेढ़ वर्ष का समय मिलेगा। इतने कम समय में गांव का समग्र विकास करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। इस संबंध में नवनिर्वाचित महिला सरपंच इंजीनियर रीना पारधी ने गांव के विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
उल्लेखनीय है कि कटंगी बुजुर्ग ग्राम पंचायत में विपक्ष मजबूत स्थिति में है, जिससे सरपंच रीना पारधी को विकास कार्यों के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इसी संदर्भ में उन्होंने विधायक विजय रहांगडाले से मुलाकात कर विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। विधायक रहांगडाले ने समय-समय पर आवश्यक निधि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर ग्राम कटंगी से खोमेंद काका पारधी, डॉ. योगेश हरिनखेडे, नरेंद्र हरिनखेडे, प्रशांत सहारे, भरत हरिनखेडे, निलेश गजकाटे, मेघनाथ टेंभरे, मुन्नालाल रहांगडाले, राजेश रहांगडाले एवं गजानंद चोपकर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।