spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

दिवाली से पहले किसानों की बल्ले-बल्ले!

– राज्य के 91 लाख किसानों के खातों में 1,835 करोड़ रुपये

– पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी

नागपुर :- दिवाली से पहले महाराष्ट्र के किसानों को केंद्र सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत राज्य के 91 लाख 12 हजार 765 किसानों के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जमा की।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई स्थित अपने सरकारी आवास वर्षा से ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर कृषि विभाग के सचिव परिमल सिंह भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कृषि क्षेत्र के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक, सिंचाई सुविधाओं, पशुपालन और कृषि से जुड़े अन्य व्यवसायों को बढ़ावा देकर खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।

योजना के तहत छोटे किसानों को लाभ

मोदी के अनुसार, पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के छोटे किसानों को अब तक लगभग 4 लाख करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतों में वृद्धि का बोझ किसानों पर नहीं पड़े, इसके लिए सरकार ने 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं। पिछले 12 वर्षों में गेहूं और धान उत्पादक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के माध्यम से 24 लाख करोड़ रुपये मिले हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत भी पिछले 10 वर्षों में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया गया है।

सौर पंप और उन्नत बीजों पर जोर

कृषि लागत कम करने के लिए पीएम-कुसुम योजना के तहत अब तक लगभग 12 लाख सौर पंप उपलब्ध कराए गए हैं। इससे डीजल की खपत में कमी आई है। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए किसानों को बीजों की 3,000 उन्नत किस्में भी उपलब्ध कराई गई हैं।

प्रधानमंत्री ने बताया कि पशुधन को बीमारियों से बचाने के लिए चलाए गए टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 150 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। इससे देश के 8 करोड़ से अधिक पशुपालक किसानों को लाभ मिला है।

Popular Articles