– निरंजन दहिवले पर कार्रवाई करने की मांग
नागपुर :- प्रभाग क्रमांक 26 की नगरसेविका शारदा सुरेश बारई की शिकायत तथा नागपुर सुधार प्रन्यास (नासुप्र) की महिला कर्मचारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले में निरंजन दहिवले के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में पुलिस आयुक्त, नागपुर शहर को पत्र देकर मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरसेविका शारदा बारई ने शुभम मोटघरे पर हुए हमले के संबंध में एक न्यूज पोर्टल को साक्षात्कार दिया था। यह साक्षात्कार सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद उस पर निरंजन दहिवले द्वारा कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है। इस मामले में नगरसेविका की ओर से वाठोड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। इसी प्रकार, नासुप्र की महिला कर्मचारियों के साथ भी निरंजन दहिवले द्वारा कथित रूप से अभद्र एवं अनुचित व्यवहार किए जाने की बात शिकायत में कही गई है। संबंधित महिला कर्मचारियों ने भी उनके खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि महिला कर्मचारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला कार्यालयीन अनुशासन, महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल के वातावरण की दृष्टि से गंभीर है। वहीं, महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर भी शिकायत में कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस आयुक्त को दिए गए पत्र में संबंधित शिकायतों की गंभीरता से जांच कर निरंजन दहिवले के खिलाफ नियमानुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।





