नागपुर :- वसूली के लिए धमकाने के दो मामलों में जरीपटका पुलिस ने पार्वती टॉवर, इंदोरा चौक निवासी प्रमोद भागचंदानी (55) को प्रोडक्शन वारंट के जरिए जेल से हिरासत में लिया है। आरोपी के खिलाफ जरीपटका पुलिस थाने में कथित तौर पर जबरन वसूली और धमकी देने के दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में भागचंदानी ने जरीपटका निवासी व्यवसायी रविशंकर चंदूलाल केवलरामाणी (57) को उनका अनधिकृत निर्माण गिराने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की थी। वहीं, दूसरे मामले में प्रॉपर्टी व्यवसायी जरीपटका निवासी शंकर गुलानी (63) से 10 हजार रुपये मांगे गए थे। पैसे नहीं देने पर उनका घर तोड़ने की धमकी देने का आरोप है। दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। इस बीच, तहसील पुलिस थाने में दर्ज एक अन्य मामले में प्रमोद भागचंदानी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इसके बाद जरीपटका पुलिस ने अपने यहां दर्ज मामलों की जांच के लिए उसे हिरासत में लेने के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया। न्यायालय की अनुमति के बाद जरीपटका पुलिस ने उसे जेल से हिरासत में लिया है। अब पुलिस आरोपी की पुलिस हिरासत हासिल करने के लिए न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है, ताकि दोनों मामलों में आगे की जांच की जा सके।








