– हत्या के बाद शव कुएं में फेंका, महिला समेत चार आरोपी हिरासत में
हिंगनघाट :- प्रेम संबंध में पति के बाधा बनने पर पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दो साथियों की मदद से पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गांव के पास स्थित कुएं में फेंक दिया गया। वारदात को छिपाने के लिए पत्नी ने ही पति के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस जांच में मामले की परतें खुल गईं और कथित हत्याकांड का खुलासा हो गया। शेकापुर बाई, तहसील हिंगनघाट में हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वडनेर पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान संतोष पांडुरंग कैकाडे (42) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, संतोष की पत्नी सपना कैकाडे के संतोष के ही चचेरे भाई शुभम कैकाडे के साथ प्रेम संबंध थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन संबंधों में संतोष बाधा बन रहा था। इसी के चलते उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। पुलिस जांच के अनुसार, 16 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12.30 से 1.30 बजे के बीच संतोष के घर में वारदात हुई। आरोप है कि सपना ने अपने प्रेमी शुभम कैकाडे और उसके दो साथियों सचिन बसुणे तथा प्रशांत करपे की मदद से संतोष की हत्या की। इसके बाद शव को गांव के पास स्थित बोबडे के कुएं में फेंक दिया गया।
पत्नी ने ही दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट:
हत्या के बाद घटना को छिपाने के लिए संतोष के लापता होने का नाटक किया गया। पुलिस के अनुसार, सपना ने ही वडनेर पुलिस थाने में संतोष के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, शिकायत और घटनाक्रम में कुछ बातों को लेकर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को संतोष की पत्नी और शुभम के कथित प्रेम संबंध की जानकारी मिली। इसके बाद पूछताछ और उपलब्ध सबूतों के आधार पर मामले की कड़ियां जुड़ती गईं और इस हत्याकांड का पूरा घटनाक्रम सामने आया।
चचेरे भाई पर ही हत्या में शामिल होने का आरोप:
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि संतोष और शुभम आपस में चचेरे भाई हैं। पुलिस के अनुसार, शुभम का संतोष की पत्नी के साथ प्रेम संबंध था और इसी के चलते संतोष की हत्या की साजिश रची गई। शेकापुर बाई निवासी देवानंद पांडुरंगजी कैकाडे (50) की शिकायत पर वडनेर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुभम रमेशराव कैकाडे (30), सचिन प्रभाकर बसुणे (30), प्रशांत रमेश करपे (36) और सपना संतोष कैकाडे (36) को हिरासत में लिया है। पुलिस अब हत्या की साजिश, घटना के पीछे की पूरी योजना, शव को कुएं में फेंकने और प्रत्येक संदिग्ध की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है।
यह कार्रवाई उप विभागीय पुलिस अधिकारी सुशील कुमार नायक, परिवीक्षाधीन उप विभागीय पुलिस अधिकारी गोविंद गवली, पुलिस निरीक्षक घनश्याम पाटिल, पुलिस उप निरीक्षक भारत वर्मा तथा पुलिस टीम ने की।





