– हत्या के आरोपी का भी समावेश, एक पुणे से गिरफ्तार
नागपुर :- कपिल नगर थाना क्षेत्र के पाटणकर चौक स्थित रिमांड होम से शनिवार (29 अगस्त) रात चार नाबालिग आरोपियों के फरार होने का मामला सामने आया है। फरार आरोपियों में कामठी में करीब दो माह पहले हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार नाबालिग भी शामिल है। कपिल नगर पुलिस ने इनमें से एक आरोपी को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी को पिस्तौल रखने के मामले में पुणे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद कुछ दिन पहले उसे नागपुर के रिमांड होम में भेजा गया था। यहां कामठी के हत्या मामले में गिरफ्तार नाबालिग के अलावा सदर और हुड़केश्वर थाने में दर्ज मामलों के आरोपियों को भी रखा गया था।
बताया गया कि शनिवार रात चारों नाबालिगों ने भागने की योजना बनाई। उन्होंने लघुशंका के बहाने शौचालय का रुख किया और वहां की खिड़की तोड़कर रिमांड होम से फरार हो गए। इसके बाद चारों अलग-अलग दिशाओं में निकल गए।
जांच के दौरान कपिल नगर पुलिस को एक आरोपी के पुणे में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने पुणे पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। आगे की कार्रवाई जारी है। कपिल नगर पुलिस निरीक्षक सतीश आडे ने इसकी पुष्टि की।





