spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना?

– तारिक रहमान से की खास अपील, विजय दिवस पर स्वदेश वापसी की तैयारी

ढाका :- भारत में निर्वासन का जीवन बिता रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने स्वदेश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है। खास बात यह है कि उन्होंने वापसी के लिए बांग्लादेश के विजय दिवस का दिन चुना है। हसीना ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार से अपील की है कि दिल्ली से ढाका तक उनकी वापसी की व्यवस्था राष्ट्रीय एयरलाइन ‘बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस’ के जरिए की जाए। हालांकि, बांग्लादेश सरकार की ओर से उनकी वापसी पर गिरफ्तारी की चेतावनी दिए जाने के बाद इस घोषणा ने देश में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के अनुसार, हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने एक बयान जारी कर कहा कि 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था। ऐसे में अब सरकार की जिम्मेदारी है कि दिल्ली से ढाका तक उनकी हवाई यात्रा की व्यवस्था की जाए। हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने भी 16 दिसंबर को वापसी की तारीख चुने जाने को प्रतीकात्मक रूप से महत्वपूर्ण बताया है।

वापसी पर गिरफ्तारी की चेतावनी

शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़कर भारत आ गई थीं। इस आंदोलन के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी। बाद में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी अनुपस्थिति में उन्हें मृत्युदंड सुनाया। हसीना ने इस फैसले को स्वीकार करने से इनकार किया है और स्वदेश लौटकर कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कही है।

दूसरी ओर, बांग्लादेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि हसीना के देश लौटने पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। ढाका सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग भी कर रही है। ऐसे में 16 दिसंबर को उनकी प्रस्तावित वापसी पर सबकी नजरें टिकी हैं। हालांकि, हसीना की ओर से तारीख घोषित किए जाने के बावजूद उनकी वापसी की व्यवस्था और कानूनी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

Popular Articles