– कामठी के कवठा गांव में घायल अवस्था में मिला विदेशी पक्षी
नागपुर :- शिकार की तलाश में आसमान में उड़ता एक दुर्लभ पक्षी भटकते-भटकते कामठी तहसील के कवठा गांव तक पहुंच गया। बुधवार को पाइप लाइन की निगरानी के दौरान ग्राम पंचायत कर्मचारी श्रीराम डबले की नजर करीब 500 से 600 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे ‘ब्लैक शोल्डर काइट’ पर पड़ी। कुछ देर बाद पक्षी नीचे आया तो वह घायल अवस्था में नीचे गिर पड़ा। डबले ने तत्काल उसकी तस्वीर खींचकर ग्राम पंचायत के सरपंच निलेश डफरे को भेजी और इसकी जानकारी दी।
सरपंच डफरे ने देर न करते हुए कर्मचारी को पक्षी को ग्राम पंचायत कार्यालय लाने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग को भी घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम कवठा गांव पहुंची और घायल पक्षी को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया।

वन विभाग ने नागपुर भेजा
वन विभाग की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद पक्षी को उपचार एवं निगरानी के लिए नागपुर स्थित टीटीसी (ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर) भेज दिया। वन अधिकारियों द्वारा अब पक्षी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यह पक्षी आमतौर पर अफ्रिका में पाया जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में इस तरह का पक्षी पहली बार दिखाई देने से ग्रामीणों में भी उत्सुकता रही। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शिकार की तलाश में उड़ते हुए यह पक्षी रास्ता भटककर कवठा क्षेत्र में पहुंचा होगा। वन विभाग की देखरेख में उपचार के बाद स्वस्थ होने पर उसे उसके प्राकृतिक अधिवास में छोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी।





