spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

सोलापुर में स्कूल का स्लैब गिरा, 13 छात्र घायल

– अक्कलकोट तहसील के बबलाद गांव में हादसा

सोलापुर :- महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के अक्कलकोट तालुका के बबलाद गांव में जिला परिषद स्कूल के पोर्च का स्लैब अचानक गिरने से 13 छात्र घायल हो गए। हादसा दोपहर के समय हुआ। स्लैब का मलबा अचानक छात्रों के ऊपर गिरने से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने मलबे में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही एंबुलेंस के साथ जिला परिषद के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घायल छात्रों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, बबलाद गांव स्थित यह जिला परिषद की कन्नड़ माध्यम की स्कूल है। यहां पहली से सातवीं कक्षा तक करीब 250 विद्यार्थी पढ़ते हैं। स्कूल की इमारत लगभग 25 वर्ष पुरानी बताई जा रही है। सोमवार को इमारत के स्लैब की एक परत अचानक टूटकर छात्रों के ऊपर गिर गई, जिससे 13 बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति रही। शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल बच्चों को बाहर निकाला।

सभी बच्चों की हालत स्थिर

घायल छात्रों का अस्पताल में आवश्यक उपचार किया गया। कुछ बच्चों के सिर पर चोट लगने के कारण पट्टी बांधी गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी भी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर चिंता है कि पुरानी इमारत में विद्यार्थियों की कक्षाएं संचालित करना कितना सुरक्षित है। पंचायत समिति के सभापति सागर कल्याण शेट्टी ने स्कूल की पुरानी इमारत को गिराकर उसके स्थान पर नई इमारत बनाने की मांग की है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.