spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

एसपी पोद्दार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड के सदस्य नियुक्त

नागपुर :- भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 215(बी) के तहत गठित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड में नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार को विशेषज्ञ सदस्य के रूप में नियुक्त किया है। यह नियुक्ति नागपुर ग्रामीण पुलिस के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उनके अनुभव, कार्यकुशलता और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह महत्वपूर्ण मान्यता है।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड देश में सड़क सुरक्षा को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाने के लिए केंद्र सरकार को मार्गदर्शन प्रदान करने वाला एक महत्वपूर्ण वैधानिक निकाय है। बोर्ड की प्रमुख जिम्मेदारियों में सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा विशेष रूप से पर्वतीय एवं संवेदनशील क्षेत्रों की सड़कों के लिए मानक एवं दिशा-निर्देश तैयार करना शामिल है। इसके अलावा बोर्ड यातायात पुलिस, अस्पतालों, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरणों तथा शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों की क्षमता वृद्धि के लिए नीतियां तैयार करता है। ट्रॉमा केयर और पैरामेडिकल सेवाओं के लिए दिशा-निर्देश विकसित करना भी इसकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है। बोर्ड केंद्र एवं राज्य सरकारों तथा स्थानीय स्वशासी संस्थाओं को सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन संबंधी तकनीकी परामर्श प्रदान करता है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को अपनाने और प्रसारित करने, सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने तथा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में नवीन पहल को बढ़ावा देने का कार्य भी करता है। इसके अतिरिक्त वाहन अभियांत्रिकी क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहन देना, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करना, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय तकनीकी मानकों में सामंजस्य बनाए रखना तथा सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और दुर्घटना जांच व्यवस्था में सुधार के लिये अनुसंधान को बढ़ावा देना भी बोर्ड के महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल है। हर्ष ए. पोद्दार की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर नागपुर ग्रामीण पुलिस विभाग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विश्वास जताया है कि उनके अनुभव और नेतृत्व से राष्ट्रीय स्तर पर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

Popular Articles