नागपुर :- नागपुर से मुंबई और पुणे की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने विशेष टे्रनें चलाने का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है, जिससे विदर्भ के यात्रियों को यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी. खास बात यह है कि इन ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए आधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमन बुश) कोच लगाए जाएंगे. यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए रेलवे द्वारा नागपुर-मुंबई और नागपुर-पुणे के बीच विशेष फेरियों का ऐलान किया गया है. लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से नागपुर के लिए टे्रन संख्या ०1०21/०1०22 की चार फेरियां होंगी. यह ट्रेन 14 और 21 फरवरी को एलटीटी से रात 12.55 बजे रवाना होकर उसी दिन दोपहर 3.45 बजे नागपुर पहुंचेगी. वापसी में नागपुर-एलटीटी स्पेशल इन्हीं तारीखों पर रात 8 बजे नागपुर से छूटेगी. इसके अलावा, नागपुर-सीएसटीएम(छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस) के बीच टे्रन संख्या ०214०/०2139 भी 17 और 19 फरवरी को चलाई जाएगी.
पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए टे्रन संख्या ०1467/०9468 की चार फेरियां तय की गई हैं. यह ट्रेन 13 और 2० फरवरी को पुणे से दोपहर 3.5० बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह नागपुर पहुंचेगी. इसी तरह, 18 और 19 फरवरी को भी पुणे-नागपुर-पुणे के बीच टे्रन संख्या ०9419/०942० की दो अतिरिक्त फेरियां संचालित की जाएंगी. इससे यात्रियों को मुंबई-पुणे जाने के लिए कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी. आधुनिक एलएचबी कोच के इस्तेमाल से यात्रा न केवल आरामदायक होगी बल्कि अधिक सुरक्षित भी रहेगी.








