नागपुर :- दिनांक १३ मई को हाल ही में हुई NEET परीक्षा के पेपर लीक मामले को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल एवं राष्ट्रीय छात्र परिषद द्वारा आज नागपुर कलेक्टर कुमार आशीर्वाद को प्रधानमंत्री, शिक्षामंत्री, महाराष्ट्र मुख्यमंत्री के नाम विदर्भ प्रांत के मुख्य पदाधिकारियों द्वारा एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया । इस अवसर पर अहिप विदर्भ प्रांत कार्याध्यक्ष डॉ. मोतीलाल चौधरी ने कहा कि, इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण देशभर के लाखों विद्यार्थी एवं उनके परिवार मानसिक तनाव और भावनात्मक पीड़ा से गुजर रहे हैं। NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थी कई वर्षों तक अनुशासन, त्याग और निरंतर कठिन परिश्रम करते हैं। अनेक विद्यार्थी परिवार से दूर रहकर अत्यधिक दबाव में दिन-रात मेहनत करते हैं ताकि उन्हें अपनी योग्यता के आधार पर निष्पक्ष अवसर प्राप्त हो सके। कुछ व्यक्तियों की लापरवाही, भ्रष्टाचार एवं आपराधिक गतिविधियों के कारण ईमानदार विद्यार्थियों को आज परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परीक्षा रद्द होने से विद्यार्थियों में तनाव, चिंता, असुरक्षा तथा शैक्षणिक कार्यक्रमों में अव्यवस्था उत्पन्न हुई है। ऐसी घटनाएं परीक्षा प्रणाली के प्रति विद्यार्थियों का विश्वास कमजोर करती हैं तथा उनके भविष्य, करियर योजना और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालती हैं। हम इस पेपर लीक प्रकरण में शामिल सभी व्यक्तियों एवं संगठनों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की मांग करते हैं। विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले दोषियों के विरुद्ध कानून के अंतर्गत अत्यंत कठोर दंड दिया जाना चाहिए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सशक्त एंटी-पेपर लीक कानून, त्वरित जांच प्रक्रिया, सरकारी सेवाओं से आजीवन प्रतिबंध तथा कठोर आपराधिक दंड लागू किए जाने चाहिए।
राष्ट्रीय छात्र परिषद अध्यक्ष नितेश मूंदड़ा ने कहा कि, हम प्रशासन से यह भी अनुरोध करते हैं कि भविष्य में सभी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली एवं सख्त निगरानी तंत्र सुनिश्चित किया जाए। शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में विद्यार्थियों का विश्वास पुनः स्थापित होना अत्यंत आवश्यक है। ईमानदार एवं मेहनती विद्यार्थियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार-मुक्त परीक्षा प्रक्रिया मिलनी चाहिए। इस परीक्षा की तैयारी में वर्षों का समय देने वाले विद्यार्थियों के सपनों एवं करियर को अनुचित गतिविधियों एवं प्रणालीगत विफलताओं के कारण नष्ट नहीं होने दिया जाना चाहिए। हमें आशा है कि प्रशासन विद्यार्थियों एवं राष्ट्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाएगा। नहीं तो होगा भव्य आंदोलन इस समय प्रांत महामंत्री यजेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा की अगर दोषियों पर कड़क कार्यवाही नहीं हुई तो राष्ट्रीय छात्र परिषद के नेतृत्व मे देशभर में बड़ा आन्दोलन होगा। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद प्रांत कार्याध्यक्ष डॉ. मोतीलाल चौधरी, प्रांत मंत्री योगेश गायकवाड़, आरबीडी प्रांत महामंत्री यजेंद्र सिंह ठाकुर, विभाग अध्यक्ष कौस्तुभ आंवले, जिला अध्यक्ष मोरेश्वर काकड़े, राष्ट्रीय छात्र परिषद अध्यक्ष नितेश मूंदड़ा,शहर महामंत्री प्रसाद काठीकर, हनुमान चालीसा अध्यक्ष राकेश तिवारी, नितिन डोंगरे आदिपदाधिकारी उपस्थित थे ।