spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

अंधविश्वास की भेंट चढ़ा बुजुर्ग

– जादू-टोने के शक में पीटकर हत्या, चार गिरफ्तार

भंडारा :- जादू-टोना करने के संदेह में 65 वर्षीय बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने की घटना में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। लाखांदूर तहसील के मासल गांव में 30 जुलाई को हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल बलराम लांजेवार (65) ने नागपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मेडिकल) में गुरुवार, 6 अगस्त को दम तोड़ दिया। मौत के बाद लाखांदूर पुलिस ने पहले से गिरफ्तार चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मासल निवासी बलराम लांजेवार पर आरोपियों को एक विवाहित महिला पर जादू-टोना करने का संदेह था। इसी शक के चलते 30 जुलाई को चार आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में बलराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही लाखांदूर थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक आशीष गंद्रे, पुलिस उपनिरीक्षक निशांत जुनोनकर और उनकी टीम मौके पर पहुंची। घायल बलराम को पहले लाखांदूर ग्रामीण अस्पताल, फिर भंडारा जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे के उपचार के लिए नागपुर मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया था।

एक सप्ताह तक जिंदगी से जूझते रहे

नागपुर में करीब एक सप्ताह तक उपचार के बावजूद बलराम की हालत में सुधार नहीं हुआ और गुरुवार को उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी। बलराम के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने गोपाल लांजेवार (45), विवेक लांजेवार (25), प्रमोद लांजेवार (40) और किशोर लांजेवार (40) सभी निवासी मासल को गिरफ्तार किया था। चारों को अदालत ने 5 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजा था। हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.